नयी दिल्ली 07 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह मंदी रही। चावल के औसत भाव गिर गये। गेहूं में भी गिरावट रही। खाद्य तेलों में घटबढ़ देखी गयी जबकि चीनी और दालों में साप्ताहिक नरमी का रुख रहा।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 51 रुपये कम होकर सप्ताहांत पर 3,776.83 रुपये प्रति क्विंटल पर रही। वहीं, गेहूं करीब सात रुपये सस्ता होकर 2,848.96 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत कमोबेश स्थिर रही और सप्ताहांत पर यह 3,312.11 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।
सरसों तेल की औसत कीमत 63 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मूंगफली तेल में करीब 147 रुपये और वनस्पति में 151 रुपये प्रति क्विंटल की साप्ताहिक मंदी रही। सोयाबीन तेल 44 रुपये और सूरजमखी तेल 62 रुपये सस्ता हुआ। वहीं, पाम ऑयल 47 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया।
बीते सप्ताह दाल-दलहनों के दाम घट गये। चना दाल औसतन करीब 67 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। उड़द दाल में 30 रुपये और दाल मूंग में 52 रुपये प्रति क्विंटल की नरमी देखी गयी। तुअर दाल भी 113 रुपये उतर गयी। मसूर दाल में 17 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में लगातार दूसरे सप्ताह नरमी देखी गयी। गुड़ के औसत भाव 19 रुपये प्रति क्विंटल और चीनी के नौ रुपये प्रति क्विंटल टूट गये।
