
भिंड। जिले में खाद संकट और विधायक-कलेक्टर विवाद के बीच सियासी माहौल और गर्माता जा रहा है। इस बीच एक नया घटनाक्रम सामने आया है जिसने चर्चा को और गहरा दिया है। इधर, क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधि कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे और उन्हें साफा, माला पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप समाज ने कलेक्टर को तलवार भी भेंट की। जिसके फौरन बाद कलेक्टर ने तलवार को म्यान से निकालकर शाही अंदाज में लहराया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ज्ञात हो कि कुछ दिनों पहले विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बीच तीखा विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने थाने में आवेदन दिए थे। विवाद के बाद कलेक्टर को हटाने की मांग भी उठी थी। ऐसे में क्षत्रिय समाज द्वारा तलवार भेंट कर दिया गया समर्थन इस विवाद में कलेक्टर की स्थिति को मजबूती देने वाला माना जा रहा है। वहीं, खाद संकट से जूझ रहे किसानों के बीच इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में और गरमाहट पैदा कर दी है। उधर,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने क्षत्रीय समाज द्वारा कलेक्टर को तलवार भेंट करने का वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा कि अब कलेक्टर साहब भी पूरी तरह से मुकाबले को तैयार हैं।
