सतना: जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के पनघटी गांव में शुक्रवार को एक आदिवासी युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। उसकी पहचान 34 वर्षीय रामभान कोल के रूप में हुई। वह सुबह नहाने और कपड़े धोने के लिए गांव के पुराने कुएं की तरफ गया था। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
गांव वालों ने बांस की मदद से कुएं में खोजबीन की। रामभान का शव पानी की गहराई में एक पत्थर में फंसा मिला। पुलिस को सूचना दी गई और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, गांव के आदिवासी लोग अक्सर कुएं में उतरकर नहाते हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रामभान कपड़े पहने हुए कुएं में उतरा था। उसकी शर्ट गहराई में एक पत्थर में फंस गई, जिससे वह डूब गया।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है
