
शाजापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में दो दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।बपहले मामले में 22 जुलाई को एक युवती एमएलबी स्कूल में प्रवेश फॉर्म भरने गई थी। नगर पालिका नहर के पास आरोपी सुनील सिसौदिया उसे जबरन बाइक पर बैठाकर सुवासरा ले गया। वहां उसे बंद कमरे में रखा। आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल, 20 हजार रुपये और सोने की चेन छीन ली। इसके बाद वह उसे देवरा, जयपुरा, कोटा और जोधपुर भी ले गया।
पुलिस ने आरोपी के परिवार पर दबाव बनाया। 7 अक्टूबर को आरोपी पीड़िता को शाजापुर वापस लाया। धमकियों के कारण पीड़िता ने तुरंत शिकायत नहीं की। बाद में हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरे मामले में एक घरेलू कामगार महिला ने पृथ्वीराज बैस पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का पति से तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। वर्ष 2022 में देवास में आरोपी से उसकी जान-पहचान हुई थी। 4 अक्टूबर को कोर्ट केस के लिए शाजापुर आई पीड़िता को आरोपी सुंदरम होटल ले गया। वहां फोटो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
