
मंदसौर। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में जिले की शिक्षिका डॉ. सुनीता गोधा जैन को महामहिम राज्यपाल पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। डॉ. गोधा वर्तमान में उच्च माध्यमिक शिक्षक, शासकीय हाई स्कूल खजूरिया सारंग में पदस्थ हैं। उन्होंने एम.ए., बी.एड., पीएचडी एवं एलएलबी की पढ़ाई की है।
डॉ. सुनीता गोधा को उनके सेवाकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपलिया स्टेशन में कार्य करते हुए विद्यालय में छात्राओं के नामांकन को बढ़ाने का सफल प्रयास किया। सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नवप्रवेशित एवं जरूरतमंद छात्राओं को स्वेटर, जूते, स्कूल बैग, फीस, वस्त्र, खाद्य सामग्री, पोषक आहार और पुस्तकें उपलब्ध कराई। उन्होंने गांव-गांव जाकर पालकों, भूतपूर्व छात्राओं, स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर स्थानीय बोली में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर शिक्षा की अलख जगाई।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छता अभियान और कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भागीदारी की। साथ ही झील महोत्सव, शाला सिद्धि, करियर काउंसलिंग, अक्षय ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण एवं डिजिटल इंडिया जैसे विषयों पर भी महत्वपूर्ण कार्य किए। इन सतत सेवाओं और योगदानों के कारण डॉ. गोधा को जिला स्तर पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है और अब राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से अलंकृत किया गया है।
