इस्लामाबाद, 05 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में नदियों का जल स्तर बढ़ने और नदी तटबंधों के टूटने से आयी बाढ़ के से लगभग 40 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और उन्हें विस्थापित होना पड़ा है।
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रावी, सतलज और चेनाब नदियों में आयी भीषण बाढ़ ने पूरे देश के सबसे अधिक आबादी वाले पंजाब प्रांत में तबाही मचा दी है, जिससे 12 करोड़ 7 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान सैकड़ों गांव डूब गए, जिससे बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या बढ़कर 4000 से अधिक हो गई तथा लाखों एकड़ में फैली फसलें जलमग्न हो गईं हैं।
पीडीएमए की आंकड़ों के मुताबिक आने वाले दिनों में बाढ़ की भयानक स्थिति को देखते हुए फंसे 20 लाख से अधिक लोगों को प्रांत के सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। आठ लाख से अधिक जानवरों को भी सुरक्षित निकाला गया जबकि बचाव एवं राहत गतिविधियों के तहत पूरे प्रांत में लगभग 400 राहत शिविर, 392 चिकित्सा शिविर और 336 पशु चिकित्सा शिविर बनाए गए।
पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने बाढ़ संकट, गंभीर रूप से बाधित संचार प्रणालियों और बुनियादी ढांचों के व्यापक नुकसान को देखते हुए पंजाब में नौ विधानसभा उपचुनावों को स्थगित कर दिया है।

