नयी दिल्ली, 5 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिगरेट के मुकाबले बीड़ी पर जीएसटी कम रखे जाने पर बिहार को बीड़ी के साथ जोड़ने के कांग्रेस पार्टी की केरल इकाई एक पोस्ट को लेकर विपक्षी पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए उस पर बिहार का अपमान करने का आरोप लगाया है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यहां भाजपा मुख्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ बिहार के इस अपमान के लिए राज्य की जनता कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजग) को जवाब देगी।’ श्री गोयल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जनता ने नकार दिया है और गांधी परिवार की लोकप्रियता खत्म हो गयी है। इस हताशा में उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि वे क्या करें ताकि उनकी स्वीकार्यता फिर बन सके।
श्री गोयल ने कहा कि इसी हताशा में वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में ऊलजलूल बोलते रहते हैं और हाल में उन्होंने मोदी जी की (स्वर्गीय) माता जी के बारे में अभद्र टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा, ‘‘ आज उन्होंने पूरे बिहार को ही अपमानित कर दिया। बिहार की जनता कांग्रेस और आरजेडी से इसका जवाब मांगेगी।”
गौरतलब है कि कांग्रेस की केरल प्रदेश इकाई ने आज सोशल मीडिया मंच एक्स पर बीड़ी-सिगरेट पर जीएसटी की नयी दर लागू करने में सिगरेट के साथ पक्षपात की ओर संकेत करते हुए कहा , ‘‘बीड़ी और बिहार का पहला अक्षर (अंग्रेजी) के बी से शुरू होता है। बीड़ी में अब कोई बुराई नहीं मानी जाएगी।” पार्टी ने अपनी पोस्ट में बताया है कि बीड़ी पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटा कर 18 प्रतिशत और सिंगरेट पर 28 से बढ़ा कर 40 प्रतिशत कर दी गयी है।
जीएसटी परिषद की दिल्ली में पिछले दिनों हुई बैठक में जीएसटी में व्यापक सुधार करते हुए 12 और 28 प्रतिशित की दरों को समाप्त कर अब पांच और 18 प्रतिशत की दो मुख्य दरों को ही रखा गया है। साथ ही कुछ चुनिंदा वस्तुओं के लिए 40 प्रतिशत की एक नयी दर बनायी गयी है, जिसमें सिगरेट, तम्बाकू जैसी सिन गुड्स (अहितकर वस्तुओ) और अति विलासिता के सामान जैसी विनिर्दिष्ट वस्तुओं को रखा गया है। केरल की वामपंथी सरकार बीड़ी श्रमिकों के लिए संवेदनशील रही है।
केरल कांग्रेस के इस पोस्ट पर बिहार भाजपा ने भी कांग्रेस की कड़ी आलोचना की है। बिहार के उप मुख्मंत्री और बिहार भाजपा के नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माता जी का अपमान करने के बाद कांग्रेस अब पूरे बिहार का अपमान करने पर उतर आयी है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री गोयल ने आज अपने संवाददाता सम्मेलन में जीएसटी से जुड़े एक सवाल पर कहा कि जीएसटी की दरों में कटौती के निर्णय का बिहार के चुनाव से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले 11 साल से सरकार के साथ काम करते हुए मैं अपने अनुभव से कह सकता हूं कि मोदीजी का कोई भी फैसला चुनाव की दृष्टि से नहीं होता है।” उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने इस बार लाल किले की प्राचीर से दिवाली पर जीएसटी कटौती का बड़ा तोहफा देने की घोषणा की थी। जीएसटी परिषद की इस सप्ताह हुई बैठक में जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधार का फैसला किया गया है। नयी दरें 22 सितंबर से लागू होंगी।
कांग्रेस हताशा में ऊलजलूल बोल रही है, उसे बिहार की जनता जवाब देगी: गोयल
