अहमदाबाद, (वार्ता) अर्बन कंपनी लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 10 सितंबर को खुलेगा।
कंपनी की ओर से गुरुवार को यहां जारी बयान में कहा है कि इसके इक्विटी शेयरों का कुल प्रस्ताव आकार 1900 करोड़ रुपये तक है, जिसमें 472 करोड़ रुपये तक का नया निर्गम और विक्रेताओं द्वारा 1,428 करोड़ रुपये तक का बिक्री प्रस्ताव (ऑफर फॉर सेल) शामिल है। एंकर निवेशक बोली की तारीख मंगलवार, नौ सितंबर होगी। बोली/प्रस्ताव बुधवार, 10 सितंबर को सदस्यता के लिए खुलेगा और शुक्रवार, 12 सितंबर को बंद होगा। प्रस्ताव का प्राइस बैंड प्रति इक्विटी शेयर 98 से 103 रुपये तय किया गया है। बोलियां न्यूनतम 145 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 145 के गुणकों में लगाई जा सकती हैं। पात्र कर्मचारियों को कर्मचारी आरक्षण वाले हिस्से में बोली लगाने पर प्रति इक्विटी शेयर नौ रुपये की छूट दी जा रही है।
कंपनी नये इक्विटी शेयरों के शुद्ध आय का उपयोग नये प्रौद्योगिकी विकास और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च, अपने कार्यालयों के लिए लीज भुगतान पर खर्च, विपणन गतिविधियों पर खर्च और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
