
कटनी। महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने वाले युवक विष्णु पटेल (35), निवासी आर्डिनेंस फैक्ट्री, को त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं डीएसपी महिला सुरक्षा शाखा ऊषा राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वर्षा सोनकर के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को दबोचा।
पीड़िता ने 1 सितंबर को महिला थाना कटनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने विवाह का प्रलोभन देकर लगातार दो वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी करने से इंकार कर दिया। रिपोर्ट पर तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस कार्रवाई में निरीक्षक वर्षा सोनकर, उपनिरीक्षक मेघा मिश्रा, सउनि सुनील वर्मा, प्रमोद गौतम, प्रआर सुनीता सिंह, रौशनी सिंह और आरक्षक सोमनाथ कुर्मी की विशेष भूमिका रही।
