नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) ऑपरेशन सिंदूर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ट ट्रम्प की टिप्पणियों और अमेरिका में भारतीय उत्पादों पर भारी आयात शुल्क को लेकर दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न तनातनी के बीच यहां अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को कहा “दोनों देशों की साझेदारी लगातार नयी ऊंचाइयों को छू रही है।”
दूतावास ने विदेश मंत्री मार्को रूबियो के इस आशय के एक बयान वाले पोस्टर के साथ सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा कि भारत-अमेरिका संबंध 21वं सदी की एक निर्णायक भागीदारी है।’
यह बयान ऐसे समय आया है जब श्री मोदी ने चीन के तियांजिन शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (सीएसओ) के शिखर संम्मेलन के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के साथ अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकें की हैं । इन बैठकों में श्री मोदी ने देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने की चर्चा की है।
नयी दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने ट्वीटर पर कहा ,‘अमेरिका और भारत के बीच साझेदारी लगातार नयी ऊँचाइयों को छू रही है—यह 21वीं सदी का एक निर्णायक रिश्ता है। इस महीने, हम उन लोगों, प्रगति और संभावनाओं का उल्लेख कर रहे हैं जो हमें आगे बढ़ा रहे हैं। नवाचार और उद्यमिता से लेकर रक्षा और द्विपक्षीय संबंधों तक, यह हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच की स्थायी मित्रता ही है जो इस यात्रा को ऊर्जा प्रदान करती है। ”
दूतावास ने इसके साथ विदेश मंत्री रुबियों के फोटो के साथ उनके बयान का एक पोस्टर लगाया है। इसमें कहा गया है, ‘हमारे दोनों देशों की जनता के बीच की मजबूत दोस्ती हमारे बीच सहयोग की बुनियाद है। यह मित्रता हमें अपने आर्थिक संबंधों की विशाल संभावनाओं को साकार करने की दिशा में हमें आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करती है।”
अमेरिका ने रुस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर भारत पर आयात शुल्क 25 प्रतिशत से बढ़ा कर 50 प्रतिशत कर दिया है और आरोप लगाया है कि रुस से तेल की खरीद कर भारत यूक्रेन की लड़ाई में रुस का वित्त पोषण कर रहा है। भारत ने इस शुल्क को अनुचित, अतार्किक बताया है। अमेरिका के राष्ट्रपति के इस बयान को भी भारत ने अन्यथा लिया जिसमें उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच हस्तक्षेप कर संघर्ष विराम कराया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने दोनों देशों पर व्यापारिक कार्रवाई की धमकी देकर लड़ाई रूकवाई । भारत ने हालांकि उनके दावे को खारिज किया है।
