
कटनी। न्यू कटनी जंक्शन आरपीएफ ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुराचार के आरोपी को ट्रेन से फरार होने के दौरान पकड़ लिया। आरोपी ने निवास रोड हरदी गांव में 7 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुराचार की वारदात को अंजाम देने के बाद सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11652) से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क आरपीएफ जवानों ने उसे दबोच लिया।
मासूम के साथ हुआ दुराचार
मिली जानकारी के अनुसार, हरदी गांव निवासी 19 वर्षीय राजेंद्र साहू पिता राजपति साहू ने गांव के स्कूल के पास खेल रही 7 वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुराचार किया। घटना के बाद जब बच्ची ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई तो परिजनों ने तत्काल सरई थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और न्यू कटनी जंक्शन आरपीएफ को सूचना दी कि आरोपी ट्रेन से भागने की कोशिश कर सकता है।
आरपीएफ की तत्परता से दबोचा गया आरोपी
सूचना मिलते ही आरपीएफ के अधिकारी हरकत में आए और जैसे ही इंटरसिटी कटनी स्टेशन पहुंची, जवानों ने हर कोच की तलाशी शुरू कर दी। तभी आरोपी को भनक लगी कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बचने के लिए वह जनरल कोच के बाथरूम में घुस गया और दरवाजा अंदर से बंद कर कपड़े बदलने लगा, ताकि पहचान से बच सके।
इसी दौरान यात्रियों ने आरपीएफ को बताया कि बाथरूम में एक युवक संदिग्ध तरीके से छिपा हुआ है। आरपीएफ ने जबरन दरवाजा खुलवाया तो आरोपी वहां कपड़े बदलते हुए मिला। तुरंत ही उसे हिरासत में लेकर स्टेशन पर उतारा गया।
पुलिस को सौंपा गया आरोपी
आरपीएफ ने आरोपी को कड़ी सुरक्षा में पकड़कर प्रारंभिक पूछताछ की और फिर सरई थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। आगे की जांच और कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।
