लंबी अदालती लड़ाई के बाद ‘मानुषी’ सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी

चेन्नई, (वार्ता) मद्रास उच्च न्यायालय ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की इस आपत्ति को खारिज कर दिया कि एंड्रिया जेरेमिया अभिनीत ‘मानुषी’ फिल्म “राष्ट्र-विरोधी” है। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अब ‘मानुषी’ फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए तैयार है। अदालत ने इसे हरी झंडी दे दी है।

न्यायमूर्ति एन आनंद वेंकटेश ने फिल्म की निजी स्क्रीनिंग करने के बाद सीबीएफसी द्वारा सुझाये गए 25 कट और 12 बदलावों के विपरीत, मामूली संशोधनों के साथ इसे रिलीज़ करने की अनुमति दे दी। न्यायालय ने कहा कि फिल्म “सत्ता के अंधेरे पहलू को कुशलता से उजागर करती है”। न्यायमूर्ति ने कुछ संदर्भों को “राष्ट्र-विरोधी” कहने के लिए बोर्ड की आलोचना भी की।

फिल्म के निर्देशक गोपी नैनार ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की जीत का दावा करते हुए कहा, “मानुषी लोकतांत्रिक दायरे का विस्तार करने और उत्पीड़न के ढाँचों से निपटने में राज्य और समाज की विफलता के प्रति सचेत रहने के लिए एक संवाद का रास्ता खोलती हैं। भारत जैसे देश में, जातिवादी अत्याचारों और राज्य के तंत्रों की मनमानी को रोकने के लिए सिर्फ़ क़ानून बनाना ही काफ़ी नहीं है। बल्कि उनके क्रियान्वयन की भी ज़रूरत है।”

सीबीएफसी द्वारा फिल्म को राष्ट्र-विरोधी क्यों माना गया, इस पर उन्होंने कहा, “वे चीजों को धर्म के चश्मे से देखते हैं, जिसने एक ऐसा ढाँचा स्थापित किया है जो किसी भी निर्धारित पहचान के उल्लंघन और निर्धारित स्थान के अतिक्रमण का विरोध करता है। 2000 से भी ज़्यादा सालों से यही स्थिति रही है। फिल्म में, मुख्य नायिका एक लोकतांत्रिक संवाद की कोशिश करती है।”

अपनी पहली फिल्म आराम के लिए मशहूर दलित कार्यकर्ता गोपी नैनार द्वारा निर्देशित और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता वेत्रिमारन द्वारा निर्मित, मानुषी को सीबीएफसी की बार-बार की आपत्तियों का सामना करना पड़ा था। सीबीएफसी ने शुरुआत में फिल्म में 37 कट सुझाये थे। फिल्म निर्माताओं की दूसरी याचिका के बाद शुक्रवार को अदालत ने यह मंजूरी दी।

सीबीएफसी अधिकारियों के साथ 24 अगस्त को फिल्म देखने के बाद, न्यायाधीश ने शुक्रवार को फैसला सुनाया। अपने फैसले में उन्होंने लिखा: “मानुषी एक मार्मिक सिनेमाई प्रतिबिंब है कि कैसे राजनीतिक संदेह के क्षणों में व्यवस्थित पूर्वाग्रहों और राज्य तंत्र के टकराव से आम जिंदगियां बिखर सकती हैं। फिल्म के मूल में एक विनम्र पिता और उसकी छोटी बेटी की कहानी है, जो खुद को पुलिस के जाल में फँसा पाते हैं क्योंकि उन्होंने अपनी मामूली सी संपत्ति का एक हिस्सा तीन महिलाओं को पट्टे पर दे दिया था, जिन्हें बाद में चरमपंथी करार दिया गया।

सद्भावना के एक संकेत के रूप में शुरू हुई यह फिल्म एक दुःस्वप्न में बदल जाती है, जब संदेह, वैचारिक पूर्वाग्रह और जातिगत पूर्वाग्रह की परतें निर्दोष लोगों के खिलाफ एकजुट हो जाती हैं।”

उन्होंने कहा, “यह फ़िल्म सत्ता के अंधेरे पहलू को बखूबी उजागर करती है और यह साबित करती है कि कैसे क़ानून और व्यवस्था के उपकरण, जब धारणाओं से प्रेरित होते हैं, तर्क को दबा सकते हैं और न्याय को कुचल सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह फ़िल्म ईश्वर, आस्था और विचारधारा, भाषा और पहचान के बारे में खुलकर बातचीत करने का साहस करती है, और इस तरह समाज में आस्था और न्याय के निर्माण की नींव की पड़ताल करती है। यह दर्शकों को आधिकारिक आख्यानों से परे देखने और इस गहरे सवाल का सामना करने के लिए मजबूर करती है: जब सत्ता पूर्वाग्रह को वैध ठहराती है तो इसकी कीमत कौन चुकाता है।”

“अपनी बहुस्तरीय कहानी कहने के साथ, मानुषी एक सामाजिक आलोचना और एक मानवीय कहानी, दोनों के रूप में प्रतिध्वनित होती है। यह एक फ़िल्म से कहीं बढ़कर है – यह एक ज़रूरी याद दिलाती है कि जब विचारधारा और पूर्वाग्रह न्याय से समझौता करते हैं, तो वह न केवल व्यक्तियों को बल्कि समाज की आत्मा को भी नष्ट कर देता है।” फ़ैसले में सेंसर बोर्ड को ‘उग्रवादी, नक्सली या माओवादी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने के बजाय अतिवादी विचारधारा को अनावश्यक रूप से कम्युनिस्ट कहने के लिए फटकार लगाई गई।

Next Post

ब्यास नदी का जलस्तर और बढ़ा, लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की

Sun Aug 31 , 2025
कपूरथला/सुल्तानपुर लोधी/भुलत्थ, 31 अगस्त (वार्ता) ऊपरी पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण ब्यास नदी में बढ़े जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। कपूरथला के उपायुक्त श्री अमित कुमार पंचाल ने रविवार को बताया […]

You May Like