श्रीनगर, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने शनिवार को प्रतिबंधित संगठन अल-बद्र से जुड़े एक घोषित आतंकवादी के परिवार की लाखों रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की।
पुलिस ने बताया कि यह संपत्ति खरबतपोरा रत्नीपोरा निवासी गुलज़ार अहमद डार की है, जो अल-बद्र से जुड़े एक घोषित आतंकवादी अर्जुमंद गुलज़ार उर्फ हमज़ा भाई का पिता है।
पुलिस ने कहा, “उक्त संपत्ति में खरबतपोरा रत्नीपोरा स्थित भूमि पर बना एक दो मंजिला आवासीय भवन शामिल है। इस संपत्ति की पहचान आतंकवाद से प्राप्त आय के रूप में की गयी है, जो जिले में आतंकवादी गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने और बढ़ावा देने में अर्जुमंद गुलज़ार की संलिप्तता से जुड़ी है।”
पुलिस के मुताबिक यह कुर्की गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 25 के तहत की गयी है।
पुलिस ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे आतंकवादियों को आश्रय या सहायता न दें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
