
कटनी। जिले में सायबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया के मार्गदर्शन में जिला सायबर सेल टीम ने अब तक सायबर फ्रॉड से जुड़े 132 मोबाइल डिवाइस की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कराया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सायबर फ्रॉड करने वाले गिरोह फर्जी बैंक खातों और मोबाइल सिम का सहारा लेते हैं। अलग-अलग राज्यों से जाली दस्तावेजों के आधार पर या लालच देकर सिम कार्ड खरीदे जाते हैं। बाद में इन्हें हॉटस्पॉट बनाकर धोखाधड़ी की गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है। इसी कड़ी में संदिग्ध मोबाइल डिवाइस को चिन्हित कर ब्लॉक कराया गया है, जिससे अब उनका दुरुपयोग नहीं हो सकेगा।
