इंदौर:एयरपोर्ट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई दो बाइक चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. एरोड्रम थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोच लिया. पकड़े गए बदमाश से चोरी गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं.एरोड्रम थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि 23 जुलाई को दोपहर में गिरीश जड़े निवासी नगीन नगर की होंडा शाइन एमपी 11 एमडब्ल्यू 4231 घर के बाहर से चोरी हो गई थी.
इसी दिन सीआईएसएफ आरक्षक विक्रम सिंह की स्पलेंडर एमपी 09 डीके 2373 भी पुराने एयरपोर्ट के बाहर से चुरा ली गई. दोनों मामलों में एरोड्रम थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश की.
28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुशील बघेल 22 निवासी टांडा, जिला धार, हाल निवासी कैट चौराहा, इंदौर को दबोचा. पूछताछ में उसने अपने नाबालिग साथी के साथ दोनों चोरी की वारदात करना कबूल किया. आरोपी के कब्जे से दोनों बाइक जब्त कर ली गईं, पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर क्षेत्र में हाल ही में हुई अन्य बाइक चोरी की वारदातों का सुराग जुटा रही है.
