नयी दिल्ली 29 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मुजफ्फरपुर एके- 47 और गोला-बारूद जब्ती मामले में एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी मंजूर खान उर्फ बाबू भाई को नागालैंड से बिहार खतरनाक हथियारों की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मंजूर खान मुजफ्फरपुर मामले के मुख्य आरोपी विकाश कुमार का सहयोगी है और वह एके-47 समेत प्रतिबंधित हथियारों की तस्करी करता था।
उल्लेखनीय है कि 2024 में बिहार की मुजफ्फर जिले की फकुली पुलिस ने मुर्घटिया पुल के पास से एके-47, गोला-बारुद और एक लेंस जब्त किया था, जिसके बाद अगस्त 2024 से एनआईए इस पूरे मामले की जांच में जुट गई थी। एनआईए ने जांच में पाया कि मंजूर खान अपने सहयोगियों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा और शांति को भंग करने की साजिश रच रहा था।
एनआईए ने मामले में चार आरोपियों विकाश कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था। भारतीय दंड संहिता तथा गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिक आरोप पत्र भी दायर किया था। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में जांच अभी जारी है।
