
छतरपुर। सनसिटी कॉलोनी में कांग्रेस विधायक चंदा सुरेंद्र सिंह गौर के बेटे अभियंत सिंह गौर के बंगले पर काम करने वाली 21 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान सपना रैकवार निवासी छतरपुर के रूप में हुई है। यह घटना 25 अगस्त की है लेकिन हैरानी की बात ये है कि किसी को पता नहीं चला बुधवार शाम विधायक के घर काम करने वाली महिलाओं द्वारा ये बात आस पास फैली, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतका सपना रैकवार पिछले कई वर्षों से विधायक पुत्र के बंगले पर काम कर रही थी। घटना के समय अभियंत सिंह गौर ने स्वयं को घर से बाहर होना बताया है। वहीं सिविल लाइन थाना पुलिस ने बताया कि मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और मामले की विवेचना जारी है।
