ग्वालियर: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने भिंड कलेक्टर और भाजपा विधायक के बीच विवाद पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी मुद्दा उठा, वह किसानों का मुद्दा था और प्रदेश का हर किसान आज खाद संकट से जूझ रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसानों को खाद मिलना चाहिए, लेकिन सरकार, मंत्री, कलेक्टर और यहां तक कि मुख्यमंत्री भी किसानों की समस्याओं को सुनना नहीं चाहते, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसान केवल वोट देने के लिए हैं?
उमंग सिंगार ने तंज कसते हुए कहा कि अब तक सिर्फ विपक्ष ही किसानों की आवाज उठाता था, लेकिन हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब तो सरकार के विधायक भी विरोध करने लगे हैं। यह प्रदेश में त्राहि-त्राहिमाम जैसी स्थिति का संकेत है। खाद संकट पर बोलते हुए भी उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि खाद का आवंटन तो होता है, लेकिन उसकी जमकर कालाबाजारी होती है, मैंने पंचायत स्तर पर खाद वितरण का सुझाव दिया था, लेकिन सरकार उसे लागू करने को तैयार नहीं है।
