रात से लापता बैंककर्मी की मिली सिर कुचली लाश

हत्या होने पर परिजनों का हंगामा, जांच में जुटी पुलिस

 

उज्जैन। बैंक में काम करने वाले युवक की रात में पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। गुरूवार सुबह उसका शव मिलने के बाद परिजनों और गांव वालों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा किया गया। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मृतक का अंतिम संस्कार कराया।

घट्टिया थाने के एसआई शैलेन्द्रसिंह अलावा ने बताया कि सुबह 7 बजे बिछड़ौद में कच्चे रास्ते पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। मृतक की सिर कुचलकर हत्या की गई थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पहचान करने पर गांव का रहने वाला लखन पिता सुरेन्द्र राठौर (25) होना सामने आया। परिजन भी जानकारी लगने पर घटनास्थल पहुंच गये थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिये पहुंचाया। दोपहर में शव परिजनों के सुपुर्द किया तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। गांव वाले भी परिजनों के समर्थन में सडक़ पर आ गये। परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी। अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। शाम 5 बजे तक परिजन पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। मौके पर डीएसपी भारतसिंह यादव पहुंचे और परिजनों को आरोपियों की जल्द गिर तारी का आश्वासन देकर शव अंतिम संस्कार के लिये रवाना किया गया। एसआई अलावा ने बताया कि घटनास्थल पर खून लगा पत्थर मिला है। जिससे लखन का सिर कुचला गया था। मौके से ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे आरोपियों का सुराग मिल सके। घटना में 2 से 3 लोगों के शामिल होने की संभावना प्रतीत हो रही है। परिजनों ने किसी पर शंका नहीं जताई है। उनका कहना था कि यूको बैंक में काम करता था। रात को खाना खाने के बाद निकला था, जिसके बाद नहीं लौटा। उसका किसी से विवाद नहीं था।

 

 

इनका कहना है

 

लखन राठौर निवासी ग्राम बिछड़ौद की पत्थर से कुचलकर निर्मम रूप से हत्या करने का मामला सामने आया है। स्वयं द्वारा घटना स्थल पहुंचकर हत्या के लिए साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही संपूर्ण साक्ष्य जुटाकर निर्मम हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

-नितेश भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उज्जैन

Next Post

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी सहित कई दिग्गजों ने राजमाता को श्रद्धांजलि अर्पित की

Thu May 23 , 2024
ग्वालियर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जयविलास पैलेस पहुंच कर राजमाता माधवी राजे सिंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित कर केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं महाआर्यमन सिंधिया से भेंट की। रानी महल में श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संघ के वरिष्ठ […]

You May Like