नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव बढ़ गये जबकि गेहूं में गिरावट रही। चीनी में भी तेजी रही। वहीं, दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
घरेलू थोक बाजारों में सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 45 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 3,831.01 रुपये प्रति क्विंटल पर रही। वहीं, गेहूँ 13 रुपये सस्ता होकर 2,841.88 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत तीन रुपये उतर गयी और यह 3,307.05 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। सरसों तेल की औसत कीमत 15 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। मूंगफली तेल में 33 रुपये और वनस्पति में 38 रुपये प्रति क्विंटल की साप्ताहिक गिरावट रही। सोयाबीन तेल 49 रुपये, सूरजमखी तेल 102 रुपये और पाम ऑयल 54 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
बीते सप्ताह दाल-दलहनों में चना दाल, उड़द दाल और मूंग दाल के औसत भाव बढ़ गये। चना दाल औसतन 26 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। उड़द दाल लगभग 28 रुपये और दाल मूंग 19 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई। मसूर दाल 12 रुपये और तुअर दाल 28 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ के औसत भाव करीब स्थिर रहे। चीनी में दो रुपये प्रति क्विंटल की मामूली तेजी रही।
