शिवपुरी: जिले में आज रात तेज बारिश के चलते सिंध नदी उफान पर आ गई है। कई जगहों पर नदी-नाले भी उफान पर हैं। कोलारस क्षेत्र के कई गांव में फिर से जलभराव के हलात बन गए हैं। कोलारस नगर के जगतपुर से खटीक मोहल्ला जाने वाले मार्ग पर बनी गुंजारी नदी का रपटा पार करते वक्त मुकेश राठौर निवासी कोलारस पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की।
शिवपुरी शहर में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। सिंध नदी पर बने अटल सागर बांध मड़ीखेड़ा के छह गेटों से 1802 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है।जिले के पिछोर अनुविभाग के गुरु कुदवाया गांव में एक ट्रैक्टर चालक ने उफनते नाले में ट्रैक्टर-ट्रॉली उतार दी। ट्रॉली में सवार ग्रामीण सुरक्षित रपटा पार कर गए। नाले में आए उफान से स्कूल और आंगनवाड़ी भवनों में पानी भर गया है। पिछोर के खोड़-मायापुर मार्ग पर महुअर नदी की स्थिति चिंताजनक है।
