सतना। मध्यप्रदेश विधानसभा की कृषि विकास समिति के सभापति दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्राकृतिक व जैविक खेती, फसल विविधीकरण तथा दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन देने की बात कही। शनिवार को चित्रकूट के ग्रामोदय विश्वविद्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में परिहार ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि सतना जिले में धान का औसत उत्पादन 43.65 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रहा, जो राज्य व राष्ट्रीय औसत से अधिक है। जिले में 1.30 लाख से अधिक किसानों को फसल बीमा का लाभ मिला। उद्यानिकी और पशुपालन योजनाओं को भी किसानों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। परिहार ने सौर ऊर्जा और सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को अधिक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
