देवास: जिला अभिभाषक संघ देवास की पहल पर न्यायालय ने एक अहम निर्णय लेते हुए शक्ति सिंह तोमर नामक फेसबुक प्रोफाइल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि शक्ति सिंह तोमर नाम से संचालित फेसबुक प्रोफाइल से सर्वोच्च न्यायालय के के खिलाफ अशोभनीय एवं अभद्र टिप्पणी की गई थी।
अधिवक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुँचाती है, बल्कि यह समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति अविश्वास भी पैदा करती है। इस गंभीर मामले में जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अशोक वर्मा सहित अन्य अधिवक्ताओं ने सामूहिक रूप से न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया।
न्यायालय ने शिकायत को गंभीर मानते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस को तत्काल प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
साथ ही आदेश दिया गया है कि मामले की विवेचना पूर्ण कर 22 सितंबर 2025 तक चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।इस निर्णय को अधिवक्ता समुदाय ने न्यायपालिका की गरिमा की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर न्यायाधीशों या संस्थाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियाँ करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होना आवश्यक है।
