अजय सिंह भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष, प्रमोद कुमार महासचिव चुने गए

नयी दिल्ली, (वार्ता) भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के गुरुवार को हुए चुनाव में अजय सिंह अध्यक्ष, प्रमोद कुमार महासचिव और पोन भास्करण कोषाध्य चुने गये।

34 राज्य संघों की भागीदारी से आयोजित इन चुनावों में 66 वोटों के साथ अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष और उपाध्यक्षों पदों के लिए चुनाव हुआ। आज हुए चुनाव में अजय सिंह ने प्रतिद्वंद्वी जसलाल प्रधान को हराकर तीसरी बार अध्यक्ष चुने गये। अजय सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी जसलाल प्रधान पर 26 के मुकाबले 40 वोटों से जीत दर्ज की।

महासचिव पद के लिए हुए मुकाबले में उत्तर प्रदेश के प्रमोद कुमार ने पूर्व कोषाध्यक्ष दिग्विजय सिंह को 36 के मुकाबले 30 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला था, जिसमें पोन भास्करन ने 28 मतों के साथ अनिल कुमार बोहिदार और आर. गोपू को हराया।

चुनाव जीतने के बाद श्री सिंह ने कहा, “यह जीत देश भर के मेरे साथियों द्वारा मुझ पर रखे गए विश्वास और भरोसे की पुष्टि है। यह केवल एक जनादेश नहीं है, बल्कि भारतीय मुक्केबाजी को आगे बढ़ाने के लिए हमारे द्वारा मिलकर किए गए अथक परिश्रम की मान्यता है। मैं स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए बीएफआई अंतरिम समिति के अध्यक्ष और विश्व मुक्केबाजी के पर्यवेक्षक, श्री फैरुज मोहम्मद को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को भी हार्दिक बधाई देता हूं। विश्व चैम्पियनशिप और विश्व कप के साथ, हमारा एकमात्र ध्यान हमारे मुक्केबाजों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने, पदक लाने और भारत को गौरवान्वित करने में सक्षम बनाने पर होगा।”

Next Post

हरियाणा और ओडिशा के बीच होगी खिताबी भिड़ंत

Fri Aug 22 , 2025
जालंधर, (वार्ता) हरियाणा और ओडिशा की टीमें 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खिताब के लिए भिड़ेंगी। आज यहां खेले गये सेमीफाइनल मुकाबलों में हरियाणा और ओडिशा ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में जगह बनाई। दिन के पहले सेमीफाइनल […]

You May Like