सिंगरौली: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 36 तेलगवां बस्ती के लोग आज भी बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीने को मजबूर हैं। 15 साल से अधिक समय से यहां रह रहे बस्तीवासी कई बार प्रशासन और विभागीय दफ्तरों का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।समस्याओं से तंग आकर वार्ड की आधा दर्जन महिलाओं ने नवागत नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान से मुलाकात कर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि चुनावी मौसम में नेता सड़क और बिजली के वादे करते हैं, परंतु आज तक उन वादों पर अमल नहीं हुआ। बरसात में सड़क न होने से बच्चों को स्कूल जाना भी मुश्किल हो जाता है, जबकि सड़क की दूरी महज 20 मीटर है।महिलाओं की शिकायत सुनने के बाद आयुक्त सविता प्रधान ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर जल्द ही समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
