सतना: सतना जिले के रामपुर बघेलान की एक और मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दो बालिकाएं अचानक लापता हो गई थीं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लापता तीनों बालिकाओं को क्रमश: सूरत, कटनी और मैहर से बरामद कर लिया. जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया.रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाबालिग बेटी के अचानक लापता हो जाने पर पिता द्वारा थाने में शिकायत की गई थी.
इस मामले में पिता द्वारा यह संभावना जताई गई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई बहला-फुसला कर भगा ले गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बालिका की खोजबीन शुरु कर दी. इसी कड़ी में बालिका को खोज निकाला गया. बालिका ने पुलिस को बताया कि वह घूमने के लिए रामपुर बघेलान से सतना आ गई थी. जहां पर वह अपनी चचेरी बहन के घर चली गई. फिर चचेरी बहन के साथ वह सूरत में रहने वाली अपनी मौसी के यहां चली गई. बयान लिए जाने के बाद पुलिस द्वारा लडक़ी को परिजनों को सौंप दिया गया.
घर पहुंची बालिकाएं
अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत 16 वर्षीय लडक़ी की गुमशुदगी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जब खोजबीन शुरु की तो वह कटनी जिले के ग्राम सुरमा थाना कोठिला में मिली. इसी तरह की एक अन्य शिकायत पर जांच करते हुए पुलिस टीम ग्राम कुसेड़ी पहुंच गई. जहां से गुमशुदा बालिका को दस्तयाब कर लिया गया. पुलिस टीम द्वारा वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया गया
