अच्‍छा काम हो ताकि युवा बेरोजगार न रहें: शिक्षा मंत्री 

जबलपुर। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार की अध्‍यक्षता में आज जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में तकनीकी शिक्षण संस्‍थाओं की संभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में तकनीकी शिक्षा संस्‍थाओं की विभिन्‍न बिंदुओं पर चर्चा कर विद्यार्थियों के समग्र विकास, बेहतर अध्‍ययन, अध्‍यापन, वार्षिक गतिविधियां, संस्‍थागत उत्‍कृष्‍टता, शैक्षणिक परिवेश एवं अकादमिक गुणवत्‍ता में उत्‍तरोत्‍तर वृद्धि करने के आवश्‍यक निर्देश दिये गये। इस दौरान सभी तकनीकी शिक्षण संस्‍थाओं के प्राचार्यों द्वारा अपने-अपने महाविद्यालय की वस्‍तुस्थिति व प्रगति से अवगत कराया गया। मंत्री श्री परमार ने कहा कि महाविद्यालय में जितने भी पुरानी ऑडिट आपत्तियां व सीएम हेल्‍पलाईन हैं, उनका निराकरण करायें। प्रयोगशालाओं में पर्याप्‍त संसाधन सुनिश्चित करें, इंटर्नशिप प्‍लान को प्रभावी करें, प्‍लेसमेंट की दिशा में अच्‍छा काम हो ताकि युवा बेरोजगार न रहें। उन्‍होंने सभी पॉलीटे‍क्‍निक कॉलेजों की शिक्षा व्‍यवस्‍था, संसाधन, प्‍लेसमेंट की समीक्षा की। उन्‍होंने मुख्‍य रूप से कहा कि सभी कॉलेज अपने पद पूर्ति के संबंध में उन्‍होंने विभाग को प्रस्‍ताव भेजने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि महाविद्यालय भवनों की साफ-सफाई, पुताई करायें और अच्‍छा वातावरण निर्मित करें, जहां मरम्‍मत की आवश्‍यकता है वहां मरम्‍मत करायें। छात्रावास भवनों व शौचालयों की स्थिति को भी ठीक करायें। उन्‍होंने कहा‍ कि जिस ब्रांच में विद्यार्थियों द्वारा एडमीशन नहीं लिया जा रहा है,उनके कारणों का सर्वे करायें और विभाग को सुझाव भेजें। लाइब्रे‍री में पाठ्यक्रम की पुस्‍तकों के अलावा संदर्भ पुस्‍तकें भी रखें, जिससे भारतीय ज्ञान परम्‍परा को जानने का अवसर मिले। मंत्री श्री परमार ने कहा कि भारतीय ज्ञान परम्‍परा एक समृद्ध भंडार है, भारत के आर्कीटेक्‍ट बालबाहू ने बीजिंग शहर का डिजाईन किया था। भारतीयों ने दुनिया को गणना पद्धति के ज्ञान से अवगत कराया। बैठक के दौरान संचालक तकनीकी शिक्षा प्रो. वीरेन्‍द्र कुमार, संस्‍था के प्राचार्य डॉ. राजीव चांडक सहित संभाग के तकनीकी शिक्षण संस्‍थानों के प्राचार्य व प्राध्‍यापक मौजूद थे।

Next Post

जनसुनवाई में आये 172 आवेदन

Tue Aug 19 , 2025
जबलपुर। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आज कलेक्‍टर दीपक सक्‍सेना को शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों ने अपने विभिन्न समस्याओं को लेकर 172 आवेदन दिये। जिसमें 123 नये आवेदन हैं तथा 49 ऐसे आवेदन है जो पूर्व में भी आ चुके थे। जनसुनवाई में आये ज्यादातर राजस्‍व […]

You May Like