नयी दिल्ली, 19 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल की औसत कीमत स्थिर रही जबकि गेहूं में नरमी देखी गयी। चीनी के भाव में भी टिकाव रहा जबकि दालों और खाद्य तेलों में घटबढ़ देखी गयी।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अक्टूबर वायदा 39 रिंगिट फिसलकर 4,520 रिंगिट प्रति टन बोला गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 1.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52.66 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत 3,833.90 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। गेहूं तीन रुपये प्रति क्विंटल गिरकर 2,836.76 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। वहीं, आटा तीन रुपये से अधिक महंगा हुआ और 3,294.24 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
सरसों तेल औसतन करीब 32 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हो गया। मूंगफली तेल 35 रुपये और वनस्पति 58 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। पाम ऑयल 19 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा महंगा हुआ। सूरजमुखी तेल में 27 रुपये की तेजी रही। सोया तेल भी 12 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
दाल-दलहनों में मसूर दाल और तुअर दाल के औसत दाम लगभग स्थिर रहे। चना दाल 18 रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई। उड़द दाल में आठ रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। मूँग दाल भी नौ रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ और चीनी की औसत कीमतों में कमोबेश टिकाव रहा।
