भोपाल। राजधानी भोपाल में आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आज इस मंच से वे प्रदेश की जनता को 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि सावन माह में रक्षाबंधन पर बहनों को 250 रुपये की राशि दी गई, ताकि वे उत्सव को धूमधाम से मना सकें।
मुख्यमंत्री ने रेडीमेड गारमेंट्स क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं के लिए विशेष योजना की घोषणा करते हुए कहा कि जो बहनें इस क्षेत्र में 12 से 15 हजार रुपये से अधिक कमाना चाहती हैं, उन्हें सरकार की ओर से 5000 का सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिस तरह रक्षाबंधन भव्यता से मनाया गया, उसी तरह आगामी भैया दूज का पर्व भी पूरे विश्व में उदाहरण बनेगा। इस अवसर पर सरकार प्रत्येक बहन के खाते में 1500 प्रतिमाह जमा करेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में बहनों को 33% आरक्षण मिलेगा, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। सीएम ने लव जिहाद और ड्रग्स माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने देवी-पूजन, नवरात्रि और वीरांगनाओं के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख कर महिला शक्ति के सम्मान और संरक्षण के संकल्प को दोहराया।
