लंदन 04 अगस्त (वार्ता) भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि हमें पता था कि इंग्लैंड के खेमे में दबाव है और हम इसी सोच के साथ मैदान में आये कि उन पर दबाव बनाये रखना है।
मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में शुभमन गिल ने कहा इस सीरीज में दोनों टीमों ने बढ़िया प्रदर्शन किया हर मैच अंतिम दिन तक पहुंचा जो कि दोनों टीमों के प्रदर्शन के बारे में बताता है।
प्लेयर ऑफ द सीरीज से सम्मानित गिल ने कहा कि सिराज और प्रसिद्ध जैसे गेंदबाज़ जब गेंदबाजी कर रहे होते हैं तो बतौर कप्तान अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं होती। दोनों गेंदबाज जानते हैं कि गेंद को कैसे हरकर कराना है। हमें पता था कि इंग्लैंड के खेमे में दबाव है और हम इसी सोच के साथ आए थे कि उनके ऊपर से दबाव कम नहीं होने देना है।
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन से मैं बेहद खुश हूं और इस सीरीज से पहले मैंने बेहद मेहनत की थी। यह मानसिक और तकनीकी दोनों तौर पर सुधार करने के बारे में था और दोनों चीजे एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं।

