केर्न्स, (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार से शुरु हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर दी हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कल से शुरु हो रही एकदिवसीय सीरीज के लिए किशोर तेज गेंदबाज क्वेना मफाका को टीम में शामिल किया है।
मफाका ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के साथ हुई टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर 17 खिलाड़ियों की एकदिवसीय टीम में जगह बनाई है। इस सीरीज में नौ विकेट सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का एकदिवसीय टीम में पर्दापण लगभग तय है।
युवा खिलाड़ियों को टीम शामिल किये जाने को लेकर बावुमा ने कहा, “जब आप युवा चेहरों को देखते हैं तो यह हमेशा रोमांचक होता है। जाहिर है कि ब्रेविस पर ही सबसे ज़्यादा चर्चा हो रही है, (वह) अपना दमखम दिखा रहे हैं और दिखा रहे हैं कि वह क्या करने में सक्षम हैं। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूँ कि वह वनडे में भी क्या कमाल दिखा सकते हैं।”
ऑस्ट्रेलिया ने अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को अपनी टीम में वापस शामिल किया है, जिन्हें हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ कैरिबियन में हुई टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया था। मिच मार्श नियमित कप्तान पैट कमिंस की जगह लेंगे। मार्श ने टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका पर 2-1 से जीत दिलाने में मदद की थी और 50 ओवरों के मैचों में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।
मार्श ने कहा, “मैदान में साढ़े तीन घंटे बिताने के लिए तैयार होना कुछ खिलाड़ियों के लिए थोड़ा अलग होगा। लेकिन एक टीम के रूप में और कुल मिलाकर, वास्तव में कुछ भी नहीं बदलता है। मानसिकता में थोड़ा बदलाव आया है, यह स्पष्ट रूप से अलग प्रारूप है। लेकिन वही सब चलता रहता है।”
तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मैच मंगलवार को केर्न्स में होगा, जिसके बाद श्रृंखला के अंतिम दो मैच मैके में खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम:- मिशेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, आरोन हार्डी, जॉश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन और एडम जम्पा।
दक्षिण अफ्रीका टीम:- टेम्बा बावुमा (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेवाल्ड ब्रेविस, नंद्रे बर्गर, टोनी डी र्जोजी, एडन मारक्रम, क्वेना मफाका, सेनुरन मुथुसामी, केशव महाराज, वियान मुल्डर, लुंगी एनगिडी, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, कागिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स और प्रेनेलन सुब्रायन।
