
रायसेन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ग्राम महलपुर पाठा के प्राचीन श्रीकृष्ण-राधा-रुक्मणि मंदिर को भव्य स्वरूप देने की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्यवाही शुरू कर दी है। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी रविवार को मंदिर पहुंचे और प्रथम स्तरीय प्राक्कलन तैयार किया। इस दौरान अधिकारियों ने परमार वंशकालीन मंदिर और आसपास के स्थलों का निरीक्षण कर पुजारी संतश्री अमृत दास महाराज व ग्रामीण वरिष्ठजनों से चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि जन्माष्टमी पर आयोजित श्रीकृष्ण पर्व-हलधर महोत्सव एवं लीला पुरुषोत्तम का प्रकटोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंदिर के पुनर्निर्माण की घोषणा की थी। 13वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर विशेष है क्योंकि इसमें राधा-कृष्ण और रुक्मणि की मूर्ति एक ही श्वेत पत्थर पर उकेरी गई है। पास स्थित प्राचीन किला, बावड़ियां और अन्य देव प्रतिमाएं इस स्थल की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहर को और समृद्ध बनाती हैं।
