
देवास। ग्राम पंचायत अकालियों के अंतर्गत अकालियों, सुतारखेड़ा और बोरखेड़ी के किसानों ने मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की।
किसानों का कहना है कि वर्ष 2018 से खरीफ व रबी फसलों का बीमा प्रीमियम खाते से कट रहा है, लेकिन अब तक एक भी बार राशि नहीं मिली। जबकि प्राकृतिक आपदाओं से 80% तक नुकसान हुआ और सर्वे भी किया गया।
गांव के किसानों का आरोप है कि आसपास की पंचायतों में राशि दी जा चुकी है, मगर अकालियों और मांगरोला पंचायत के किसानों को अब तक नहीं मिली। इससे किसानों की हालत कमजोर हो चुकी है और वे कर्ज लेकर खेती करने को मजबूर हैं।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान भारतीय किसान संघ ने भी किसानों को समर्थन दिया।
