इंदौर: खजराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.55 लाख रुपए से अधिक के अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स और स्कूटी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई ने ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ मजबूत संदेश दिया है.आरई-2 रोड खजराना क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक स्कूटी के पास खड़े दिखाई दिए. पुलिस टीम को देखकर वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर पकड़ लिए गए.
तलाशी में उनके पास से 13.3 ग्राम से अधिक एमडी ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1.30 लाख रुपए आंकी गई. साथ ही 25 हजार रुपए मूल्य की होंडा एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई. आरोपियों की पहचान इरफान पिता अब्दुल कादिर खान निवासी खिजराबाद बी, खजराना और गोकुल पिता छोटे लाल निवासी न्यू गोरी नगर, हीरा नगर के रूप में हुई.
पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे खुद भी नशे के आदि हैं और जल्दी पैसे कमाने के लालच में ड्रग्स की खरीद-फरोख्त में शामिल हुए. खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है, फिलहाल आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके अन्य साथियों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके
