
टीकमगढ़। युवा यादव समिति द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण महोत्सव 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में म.प्र. विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह यादव शामिल हुए। उन्होंने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योगेश्वर श्रीकृष्ण सर्व समाज के आराध्य हैं और उनकी शिक्षाएँ आज भी मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में कृष्ण और कंस दोनों विचारधाराएँ मौजूद हैं, लेकिन हमें कर्मयोगी बनकर कृष्ण की शिक्षाओं को जीवन में उतारना चाहिए। प्रदेश का नेतृत्व हमारे समाज के पास है, इसलिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना हमारी जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि ने श्रीकृष्ण की आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया और रथ यात्रा में शामिल होकर वीर सागर पृथ्वीपुर पहुंचे। इस अवसर पर समिति ने उन्हें बुंदेलखंड और जिले का गौरव बताते हुए सम्मानित किया। आयोजन में जिलेभर से जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, अधिवक्ता, चिकित्सक और बड़ी संख्या में समाजजन एवं युवा मौजूद रहे।
