
चेंगदू (चीन), 17 अगस्त (वार्ता) भारत ने वर्ल्ड गेम्स 2025 का समापन रविवार को रिकॉर्ड तीन पदकों के साथ किया।
भारत ने चीन के चेंगदू में आयोजित प्रतियोगिता में एक रजत और दो कांस्य जीते। पदकों की संख्या के लिहाज से यह वर्ल्ड गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन है। इससे पहले भारत ने जर्मनी के कार्लजुए में 1989 में पावरलिफ्टिंग में दो पदक जीते थे।
ऋषभ यादव ने व्यक्तिगत पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी में कांस्य जीतकर भारत को 2025 वर्ल्ड गेम्स की पदक तालिका में दर्ज कराया। इसके बाद नम्रता बत्रा ने महिलाओं की सांडा 52 किग्रा स्पर्धा में रजत पदक जीता, जो कि वर्ल्ड गेम्स में वुशु में भारत का पहला पदक था। आनंदकुमार वेलकुमार ने भी अपनी लय को बरकरार रखते हुए पुरुष 1000 मीटर स्प्रिंट इनलाइन स्पीड स्केटिंग ट्रैक स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने इस मल्टी स्पोर्ट द्विवार्षिक प्रतियोगिता में देश के लिए पहला रोलर स्पोर्ट्स पदक जीता।
कुछ करीबी मुकाबले भी हुए, जिनमें भारत पदक जीतने से चूक गया। अभिषेक वर्मा मेंस कंपाउंड व्यक्तिगत कांस्य पदक मुकाबले में ऋषभ से हारकर पोडियम पर जगह नहीं बना सके। इसके अलावा, भारतीय बिलियर्ड्स खिलाड़ी शिवम अरोड़ा को मिक्स्ड हेबॉल पूल कांस्य पदक मैच में चीन के तांग चुनशियाओ से 5-4 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, आर्यनपाल सिंह घुमन मेंस 200 मीटर टाइम ट्रायल इनलाइन स्पीड स्केटिंग ट्रैक स्पर्धा में 0.083 सेकेंड से कांस्य पदक से चूक गए।
भारत का प्रतियोगिता में अभियान रविवार को वूमेंस स्लैलम क्लासिक इनलाइन फ्रीस्टाइल स्केटिंग स्पर्धा में श्रेयशी जोशी के छठे स्थान पर रहने के साथ समाप्त हुआ।
