
झाबुआ। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग मप्र के आयुक्त के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के आदेश पर जिले में अवैध रूप से चल रहे क्लिनिक और अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इधर, एसडीएम झाबुआ भास्कर गाचले के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र भायल और उनकी टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में निजी अस्पतालों और क्लिनिकों की जांच की। जांच के दौरान ग्राम मिंडल (रामसिंह कटारा), ग्राम रायपुरिया (गौतम विश्वास), ग्राम मोहनकोट (प्रदीप बाम) और ग्राम रायपुरिया (पवन यादव) के क्लिनिक अपंजीकृत और अवैध पाए जाने पर सील कर दिए गए।
जांच के दौरान गौतम विश्वास द्वारा टीम से अभद्रता करने पर उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई। वहीं, जांच में तीन अन्य क्लिनिक और एक निजी अस्पताल पंजीकृत पाए गए।
