नयी दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का 79वें स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में उनके बधाई संदेशों के लिए आभार जताया है। प्रधानमंत्री ने दोनों देशो के साथ मित्रता तथा सहयोग के विस्तार की कामना की है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति श्री जेलेंस्की ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में भारत के सहयोग की उम्मीद जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भारत और यूक्रेन के बीच विज्ञान, प्रौद्योगिकी और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के बहुत से अवसर उपस्थित होंगे। श्री नेतन्याहू ने श्री मोदी को ‘प्रिय मित्र लिख कर संबोधित किया। ’
श्री मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नेतन्याहू, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। भारत-इज़राइल मित्रता निरन्तर फलती-फूलती रहे… दोनों देश इस रिश्ते को और मज़बूत और गहरा बनाएँ, जिससे हमारे लोगों को शांति, विकास और सुरक्षा मिले।’
श्री नेतन्याहू ने भारत के स्वाधीनता दिवस पर श्री मोदी को लिखे संदेश में कहा है, ‘ मेरे प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत की जनता को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई।”
श्री मोदी ने राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के संदेश के जवाब में लिखा, “ आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं भारत और यूक्रेन के बीच और भी घनिष्ठ संबंध बनाने की संयुक्त प्रतिबद्धता को बहुत महत्व देता हूँ। हम यूक्रेन में अपने मित्रों के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि से भरे भविष्य की कामना करते हैं।”
श्री जेंलेस्की ने अपने संदेश में भारत की जनता, राष्ट्रपति , और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए इसी सप्ताह श्री मोदी के साथ अपनी टेलीफोन वार्ता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “ इस सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हमारी अच्छी और स्पष्ट बातचीत हुई जब मुझे इस अवसर पर व्यक्तिगत रूप से अपनी शुभकामनाएँ देने का अवसर मिला। हमारे दोनों देश स्वतंत्रता और सम्मान के पक्षधर है और साथ-साथ शांति और विकास के लिए प्रयास का हमारा साझा अनुभव भी है।”
श्री जेलेंस्की ने लिखा, ‘हमें उम्मीद है कि भारत युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों में योगदान देगा, ताकि हमारी स्वतंत्रता और संप्रभुता वास्तव में सुरक्षित रहे। श्री जेलेंस्की ने लिखा, ‘मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में यूक्रेन-भारत के बीच विज्ञान, प्रौद्योगिकी, व्यापार और संस्कृति के क्षेत्र में पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग की संभावनाएँ उपस्थित होंगी । मैं भारत में शांति और समृद्धि की कामना करता हूँ!”
