
सारंगपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को यहां से जाते समय कुछ देर सारंगपुर में रुके. कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत समारोह रखा गया. जिसमें उन्होंन कहा कि भाजपा चाहे जितना भी झूठ और ध्यान भटकाने की साजिश करे हम अति पिछडे, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और पिछड़े समाज को उनका पूरा हक दिलाने के लिए संकल्पित है.
हमने अति पिछड़ा समाज को मजबूत बनाने और उनकी भागीदारी बड़ाने के लिए आवाज उठाई है. भारत का लोकतंत्र जनता के अधिकारों के लिए है और उनके लिए ही चलेगा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भोपाल से आगर जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे. सारंगपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत समारोह रखा गया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भावांतर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश में सोयाबीन की फसल ही खराब हो रही है तो किसानों को इस योजना का क्या लाभ मिलेगा. मांग की कि किसानों को प्रति बीघा 20 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाए.
किसान संकट में है
श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश के किसान लगातार संकट का सामना कर रहे है. उन्हें समय पर खाद और बीज नहीं मिल पा रहा है. प्राकृतिक आपदाओं ने उनकी स्थिति को और बिगाड़ दिया है. उन्होंने किसानों को गुमराह करने और उनकी तकलीफों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा कि दलितों, पिछड़े वर्ग और गरीबों के लिए बुलडोजर, जबकि अडानी के लिए हजारों एकड जमीन मुफ्त में या मात्र 1 रुपये की. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को साफ पता है कि वो असली जनादेश के जरिए सरकार नहीं बना सकते, उनकी सरकार चोरी से और संस्थाओं पर कब्जा कर बनती है. युवाओं की सबसे बडी समस्या बेरोजगारी है. जब कोई सरकार जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में आती है तो उसका पहला कर्तव्य होता है युवाओं को रोजगार और अवसर देना है. नौकरियां घट रही हैं, भर्ती प्रक्रियाएं ध्वस्त हो गई हैं और युवाओं का भविष्य अंधेरे में धकेला जा रहा है. यहां से श्री पटवारी नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के लिए रवाना हो गए. इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया, जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रदीप जैन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डा. हेमेंद्र सोलंकी, कांग्रेस नेता प्रदीप सादानी, युकां ब्लाक अध्यक्ष लखन धनगर, शहर अध्यक्ष आबिद लोदी आदि उपस्थित रहे.
