
भोपाल। कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन अभियान का विस्तार करते हुए अब पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड और ओडिशा में भी यह कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे पहले यह अभियान गुजरात, हरियाणा और मध्यप्रदेश में चल रहा है। संगठन ने इस कार्य के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को झारखंड का प्रभार दिया गया है, जबकि पूर्व कृषि मंत्री एवं विधायक सचिन यादव को पंजाब में संगठन सृजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उत्तराखंड और ओडिशा में भी जल्द संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। कांग्रेस का यह अभियान बूथ स्तर तक पार्टी संरचना को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी चुनावों के लिए संगठन को तैयार करने पर केंद्रित है। पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
