
भिंड। आज लहार के राठौर पार्क में वीर दुर्गादास राठौर की 387 वीं जयंती मनाई गई जिसमें राठौर समाज के अलावा नगरवासियों का हुजूम उमड़ा। राठौर जयंती की रैली राष्ट्र कवि मैथिली शरण गुप्त पार्क से नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए लहार विधायक अम्बरीष शर्मा के निवास पर पहुंची जहां अखिलेश उर्फ बंटू भैया ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद यात्रा दुर्गादास राठौर पार्क पहुंची जहां एक भव्य सभा का आयोजन किया गया जिसमें बतौर मुख्यातिथि लहार विधायक अम्बरीश शर्मा मौजूद रहे। इस मौके पर मंच पर मौजूद पूर्व सरपंच महुआ रणविजय उर्फ रिंकू ने सभा को सम्बोधित करते हुए वीर शिरोमणि के जीवन पर प्रकाश डाला तो वहीं मंडल अध्यक्ष भाजपा सुभाष अग्निहोत्री ने राठौर समाज को देश की एक अहम कड़ी बताया। कार्यक्रम को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामकुमार महते, डॉ विनोद तिवारी बालिकराम भंडा, जिला कोषाध्यक्ष भाजपा मनोज शास्त्री, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष योगेंद्र बघेल, जबर सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। मुख्यातिथि विधायक अम्बरीश शर्मा ने कहा कि ये जयंती एक समाज में नहीं जबकि घर घर में हर समाज के द्वारा मनाई जानी चाहिए। अम्बरीष शर्मा एवं मंचासीन सभी अतिथियों एवं पत्रकारों को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन रामप्रकाश राठौर ने किया।
