
– अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी होगा
ग्वालियर। बलराम जयंती के अवसर पर गुरुवार 14 अगस्त को किसान सम्मान समारोह को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल संबोधित करेंगे। सम्मान समारोह राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में नंदलाल बाल कल्याण समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है। समारोह को केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी वर्चुअल रूप से संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रातः 11 बजे से “अखिल भारतीय कवि सम्मेलन” एवं इसके बाद किसान सम्मान समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना होंगे। जबकि अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर करेंगे। यह जानकारी बीज एवं फॉर्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव एवं नंदलाल बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रूप सिंह राजपूत ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुये दी।
भाजपा नेता महेन्द्र सिंह यादव ने पत्रकारों को बताया कि बलराम जयंती के अवसर पर आयोजित होने जा रहे किसान सम्मान समारोह में गौ संवर्धन क्षेत्र में विशिष्ट कार्य के लिये राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार से आदर्श गौशाला लाल टिपारा के संत ऋषभानंद महाराज को सम्मानित किया जायेगा। इसी तरह जैविक खेती एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिये कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार जिले की डबरा तहसील के ग्राम सहराई निवासीयशवीर सिंह राणा को दिया जायेगा।
