
बैतूल।स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बैतूल में आज एक ऐतिहासिक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें 11 हजार से अधिक स्कूली छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली की खास बात यह रही कि मूसलाधार बारिश के बावजूद बच्चों का जोश कम नहीं हुआ। वे पूरे जोश और देशभक्ति की भावना के साथ भीगते हुए सड़कों पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ चलते रहे।
इस भव्य रैली में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल ने भी भाग लिया। उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाया और इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया।
रैली में शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिससे यह रैली बैतूल के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा बन गई है।
यह आयोजन न केवल देशभक्ति का प्रतीक बना, बल्कि छात्रों के भीतर राष्ट्रीय एकता, गर्व और साहस का संदेश भी भर गया।
