इंदौर: प्रेम प्रसंग के विवाद ने एक ही दिन में दो जिंदगियां छीन लीं. भाटखेड़ी थाना किशनगंज इलाके में एक युवक ने पत्नी और उसके कथित प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.श्रीनाथ कॉलोनी भाटखेड़ी निवासी संदीप पटेल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शाम करीब छह बजे संजय भुरिया ने फोन कर बताया मैंने महेश निगम को मार डाला और अपनी पत्नी लक्ष्मी को भी खत्म कर दिया है, संदीप जब श्रीनाथ हिल्स कॉलोनी स्थित संजय की टापरी पर पहुंचा तो वहां महेश का शव पड़ा मिला, जबकि लक्ष्मी वहां नहीं थी.
प्रकरण की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और आरोपी की तलाश में टीम गठित की. कुछ ही समय में संजय भुरिया को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसने कबूला कि उसकी पत्नी लक्ष्मी और महेश के अवैध संबंध थे. दोनों को साथ देखकर वह आपा खो बैठा और लकड़ी की बल्लियों से हमला कर महेश की मौके पर ही हत्या कर दी. संजय ने बताया कि वारदात के बाद वह पत्नी लक्ष्मी को महेश की बाइक पर बैठाकर महेश्वर ले जा रहा था.
रास्ते में साली मधु भोंडिया तालाब के पास मिली, जिसे भी बाइक पर बैठा लिया. मधु पत्नी को पकड़े बैठी थी, लेकिन सिर पर चोट और ज्यादा खून बहने से लक्ष्मी की हालत बिगड़ गई. घबराकर संजय ने मानपुर घाट के नीचे उसे छोड़ दिया, जहां उसकी मौत हो गई. लक्ष्मी की मौत का मर्ग थाना धामनोद में दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी से हत्या में उपयोग लकड़ी की बल्लिायां बरामद कर ली हैं और उसे न्यायालय महू में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
