हरमनप्रीत और मंधाना को घर पर विश्व कप जीतने का भरोसा

मुंबई, (वार्ता) भारत की सीनियर जोड़ी हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने टीम के हालिया प्रदर्शन, सामूहिक आत्मविश्वास और हाल के समय में बदले हुए तैयारी के तरीकों पर भरोसा जताते हुए पहला वनडे विश्व कप जीतने की संभावना जताई है।

आठ टीमों वाला यह टूर्नामेंट 30 सितम्बर से भारत में शुरू होगा, जहां भारत का पहला मैच श्रीलंका से है। भारत पिछली बार 2022 के वनडे विश्व कप में सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सका था। भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2005 और 2017 में रहा है, जहां दोनों बार टीम उपविजेता थी। दोनों बार टीम की कप्तान मिताली राज थीं। इस बार भारतीय टीम घरेलू मैदान और हालिया फॉर्म के दम पर एक कदम आगे बढ़ने की उम्मीद कर रही है।

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत ने मुंबई में विश्व कप के 50 दिन के काउंटडाउन आईसीसी इवेंट के दौरान कहा, ”घरेलू दर्शकों के सामने खेलना हमेशा ख़ास होता है और उम्मीद है कि इस बार हम 100% देंगे। हम उस रुकावट को समाप्त करने की कोशिश करेंगे, जिसका इंतजार सभी भारतीय प्रशंसक वर्षों कर रहे हैं।”

भारत इस साल वनडे में शानदार फॉर्म में रहा है और अब तक खेले गए 11 में से नौ मैच जीते हैं। इनमें आयरलैंड पर 3-0 की जीत, श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज जीत और हाल में इंग्लैंड में 2-1 की सीरीज जीत शामिल हैं। वनडे रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज इंग्लैंड के खिलाफ जीत ने निश्चित ही घरेलू विश्व कप से पहले उनका आत्मविश्वास बढ़ाया होगा।

अभी भारत का आत्मविश्वास कैसा है? इस सवाल के जवाब में हरमनप्रीत ने कहा, ”सच कहूं तो बहुत ऊंचा है। पिछले कुछ साल में हमने जितना क्रिकेट खेला है, उसने हमें काफी आत्मविश्वास दिया है। जिस तरह हम पिछले कुछ साल से खेल रहे हैं, हम बस उसे जारी रखना चाहते हैं। मेरा मानना है कि यह सब हमारी मानसिकता और बेखौफ क्रिकेट पर निर्भर है, जो हम खेल रहे हैं।”

इंग्लैंड में वनडे सीरीज जीत से पहले टीम को वहां 3-2 से टी20 सीरीज में भी जीत मिली थी, जो इंग्लैंड में भारत की पहली टी20सीरीज जीत भी है।

हरमनप्रीत ने कहा, ”हम इंग्लैंड के नतीजों से हैरान नहीं थे क्योंकि हमें पता था कि हमने कैसी तैयारी की है। हमें पता था कि हम यह आसानी से कर सकते हैं। हमने इसके लिए बहुत मेहनत की थी, लेकिन साथ ही चीजों को बहुत सिंपल भी रखा था। हमें भरोसा था कि हम कोई भी सीरीज या टूर्नामेंट आसानी से जीत सकते हैं। हम सिर्फ इस पर बात कर रहे थे कि कैसे जीतना है, कैसे खुद को सुधारना है। हमारे लिए यह कोई बड़ी उपलब्धि नहीं थी बल्कि यह हमारी दिनचर्या का नतीजा था और हम इसे बार-बार करते रहना चाहते हैं।”

टीम की उपकप्तान मंधाना ने कहा कि टीम के हालिया फॉर्म का कारण मैदान से बाहर की तैयारियां भी हैं। उन्होंने कहा, ”हम जो ट्रेनिंग और मेहनत कर रहे हैं, उसका नतीजा मिल रहा है। उम्मीद है कि यह विश्व कप हमारे लिए बहुत ख़ास होगा। इंग्लैंड में पिछले डेढ़ महीने में कई सही चीजें हुईं। मैदान से बाहर भी पूरी टीम का एकजुट रहना और हर दिन कड़ी मेहनत करना हमारे लिए बहुत अहम है।”

मंधाना ने कहा, ”मुझे लगता है कि मेरे मानसिक नजरिये से ज्यादा पिछले दो-तीन साल में मेरी कार्य नीति में बहुत बदलाव आया है। यह एक बड़ा बदलाव है। मैदान पर क्या होता है, यह दूसरी बात है। हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी अपना काम करना है। सिर्फ मैं नहीं बल्कि पूरी टीम उसी दिशा में बढ़ रही है, जहां हमें पता है कि कहां मेहनत करनी है। हम इन चीजों को लेकर स्पष्ट हैं। पिछले डेढ़ साल में यह मेरे लिए और टीम के भीतर भी एक बड़ा बदलाव रहा है।”

भारत के पास विश्व कप से पहले एक और चुनौती है। उन्हें घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरी खेलनी है, जो विश्व कप से सिर्फ दस दिन पहले खत्म होगी। हरमनप्रीत ने कहा, ”ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि वे बहुत प्रतिस्पर्धी हैं। आपको हमेशा पता होना चाहिए कि आप कहां खड़े हैं और टीम के तौर पर किन क्षेत्रों में सुधार करना है। मुझे लगता है कि विश्व कप से पहले यह सीरीज हमें बहुत स्पष्टता देगी और उम्मीद है कि इसके साथ ही हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे और वही लय विश्व कप तक जारी रखेंगे।”

ऑस्ट्रेलिया पिछले साल टी20 विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंच पाया था। हरमनप्रीत ने कहा कि फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के अलावा दो अन्य टीमों को देखना एक अच्छा बदलाव था। उन्होंने कहा, ”अब हर टीम ने बहुत सुधार किया है और आप नहीं जानते कि कौन सी टीम शीर्ष-4 में होगी। यह अच्छी बात है क्योंकि पहले वह बहुत दबदबे वाली टीम थी। एक टीम का फाइनल में होना तय रहता था। लेकिन अब सब खुला है, तो यह सिर्फ उस दिन अच्छा क्रिकेट खेलने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की बात है।”

 

Next Post

कांग्रेस ने छात्रा की संदिग्ध मौत की जांच हेतु बनाई सात सदस्यीय समिति

Wed Aug 13 , 2025
रायपुर (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा स्थित स्थानीय कन्या छात्रावास में अध्ययनरत छात्रा राधा कर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। यह समिति छात्रावास में अधिकारी की लापरवाही और घटना से […]

You May Like