रायपुर (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा स्थित स्थानीय कन्या छात्रावास में अध्ययनरत छात्रा राधा कर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
यह समिति छात्रावास में अधिकारी की लापरवाही और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा को संयोजक बनाते हुए सात सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति में उपाध्यक्ष प्रदेश महिला कांग्रेस सुलोचना कर्मा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा सोरी, इंदिरा शर्मा, कांकेर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र कौर राय, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपमला कर्मा और ग्राम पंचायत भानसी की सरपंच नीरा भास्कर को सदस्य बनाया गया है।
जांच समिति छात्रावास का निरीक्षण कर मृतक छात्रा के परिजनों, छात्रावास प्रबंधन और ग्रामीणों से मुलाकात करेगी तथा वस्तुस्थिति का आकलन कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
