सहकारिता मंत्री राजन्ना ने कहा था- ‘वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कांग्रेस सरकार के दौरान हुई थी’, सिद्धारमैया के करीबी माने जाते हैं राजन्ना।
बेंगलुरु, 12 अगस्त (वार्ता): कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपनी ही सरकार के सहकारिता मंत्री के.एन. राजन्ना को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई तब हुई जब राजन्ना ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर राहुल गांधी के रुख से अलग बयान दिया था। राजन्ना ने कहा था कि जब वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां हुई थीं, उस वक्त कर्नाटक में कांग्रेस की ही सरकार थी और तब पार्टी ने इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया।
राजन्ना के इस बयान से कांग्रेस आलाकमान नाराज हो गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के अभियान के खिलाफ इस तरह का बयान देना पार्टी अनुशासन का उल्लंघन माना गया। राजन्ना को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का करीबी माना जाता है, लेकिन उनके बयान के बाद राहुल गांधी ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें हटाने का निर्देश दिया।

