इंदौर:इन दिनों शहर भर के क्षेत्र में पानी की किल्लत और दूषित पानी की समस्याएं ज्यादा बढ़ चुके हैं. अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद भी इसका निराकरण नहीं हो पा रहा जिसके चलते आम जनता परेशानियां उठा रही है.फूटी कोठी क्षेत्र में आने वाला वार्ड क्रमांक 82 के गुरु शंकर नगर में एक और जन समस्या सामने आई. पिछले एक वर्ष से क्षेत्र के लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. इतना ही नहीं दूषित पानी भी पीने को लोग मजबूर हो चुके हैं. बताया जाता है कि क्षेत्र में जब पेय जल की लाइन डाली गई थी तब शुरुआती समय में पानी की समस्या नहीं थी.
सभी को पर्याप्त पानी मिलते आ रहा था. दूषित पानी भी कभी-कभी आता था लेकिन कई समय से नलों में पानी काम आने लगा है. इतना ही नहीं पानी का प्रेशर उतना कम होता है कि लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता. जितना समय पानी आता है उसमें आधा समय तो दूषित पानी लोगों को पहुंच रहा है जो पीने के बिल्कुल योग्य नहीं है. पानी की कमी होने के चलते लोगों को दूषित पानी में दवा डालकर या उसको उबालकर सेवन करना पड़ता है. कई बार शिकायत करने के बावजूद भी अधिकारियों ने इसका निराकरण आज तक नहीं किया. क्षेत्र वासियों को झूठे आश्वासन में रखकर कंप्लेंट हटाने के बाद फिर भी पानी की पूर्ति नहीं की गई.
इनका कहना है
पानी कम भी आ रहा है और गंदा भी है. सरकारी टैंकर कभी पाच-छः महीने में एक बार इधर आ जाए तो ठीक, हमें तो पैसे देकर पानी का टैंकर बुलाना पड़ता है.
– प्रकाश साहू
नल कभी आते हैं कभी नहीं. अधिकतर गंदा पानी आता है. पानी के लिए लोगों को इधर-उधर जाकर पानी लाना पड़ता है. पानी की कीमत की समस्या गर्मियों में बहुत ज्यादा बढ़ जाती है.
– मनोज चौहान
कई बार शिकायत की हेल्पलाइन पर जब शिकायत की अधिकारियों ने हमसे शिकायत कटवाने को कहा और पानी का टैंकर पहुंचने का वादा भी किया. शिकायत तो हटा दी लेकिन पानी नहीं दिया.
– रुक्मणी कुशवाहा
ऊंचाई पर है क्षेत्र
क्षेत्र ऊंचाई पर है इसलिए सप्लाई एकदम नहीं हो पाती. क्षेत्र में पानी की टंकी का निर्माण हो चुका है. उसकी टेस्टिंग चल रही है. जल्द ही क्षेत्र में पानी की किल्लत खत्म होगी.
– नितिन शर्मा, पार्षद
