नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने के लिए पांच लाख से ज़्यादा युवाओं ने स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराया है।
उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ये युवा लोगों को तिरंगा अभियान के लिए प्रेरित करेंगे। केंद्र सरकर के संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत शुरू किया गया यह अभियान आज एक भावनात्मक आंदोलन बन गया है जो 1.4 अरब भारतीयों को हमारे राष्ट्रीय ध्वज के शाश्वत रंगों के तले एकजुट करता है।
उन्होंने कहा, ‘इसका उद्देश्य देशभक्ति को जगाना, नागरिक गौरव को बढ़ावा देना और हमारे लोकतंत्र एवं स्वतंत्रता के जीवंत प्रतीक के रूप में तिरंगे के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है।’
संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से तिरंगा अभियान का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। गृह मंत्रालय के अपर सचिव अभिजीत सिन्हा और जल शक्ति मंत्रालय के आर्थिक सलाहकार समीर कुमार ने अपने-अपने मंत्रालयों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संस्कृति मंत्रालय के केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
