
उमरिया। बरही – अमरपुर मार्ग में मोटर साईकिलों की सीधी भिड़ंत में मामा-भांजे सहित 3 व्यक्तियों की अकाल मौत हो गईं तो वहीं 4 अन्य बाईक सवार घायल हुए हैं, सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र बरही में भर्ती कराया गया, जिनमें 3 की हालत गंभीर होने पर कटनी रेफर कर दिया गया है। यह भीषण सड़क हादसा तहसील मुख्यालय बरही से 10 किलोमीटर दूर उमरिया जिले के अमरपुर में सोमवार की शाम हुआ है, जिसमें कटनी जिले के बरही तहसील के15 वर्षीय अनुज पिता भगवानदास कोल और उसके मामा 22 साल के अनिल कोल ग्राम खिरवा-घूनौर सहित एक अन्य युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गईं। घायल वीर पिता आयका कोल18 वर्ष निवासी मुगवानी, पुनीत पिता सुरेश सेन 18 वर्ष मुगवानी, सूरज पिता संतोष कोल15 वर्ष निवासी पथरहटा, पुष्पराज पिता प्यारे लाल 28 वर्ष पथरहटा, जिला उमरिया घायलहैं, जिनमें 3 घायलों की हालत गंभीर होने पर कटनी रेफर कर दिया गया है।
